दिल्ली के सोनिया विहार वॉटर स्पोर्ट्स क्लब में अस्मिता कयाकिंग एवं कैनोइंग लीग 2025-26 का शुभारंभ युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की डिप्टी सेक्रेटरी मिस मीनू सिंह बिष्ट ने किया। यह आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के तत्वावधान में, दिल्ली स्टेट कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। दो दिवसीय प्रतियोगिता 27-28 फरवरी को संपन्न होगी।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि मिस मीनू सिंह बिष्ट ने कहा कि यह आयोजन महिला एथलीटों के जुनून और महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने इसे जल क्रीड़ाओं की भावना को बढ़ावा देने और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने वाला मंच बताया।
प्रतियोगिता के पहले दिन, दिल्ली की खिलाड़ी आरती ने कयाकिंग 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अन्नपूर्णा ने रजत और अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी कुसुम ने कांस्य पदक हासिल किया। कैनोइंग 200 मीटर रेस में निक्की ने स्वर्ण, तनुजा ने रजत और सलोनी ने कांस्य पदक जीतकर महिला शक्ति और खेलों में उनकी बराबरी को साबित किया।
यह आयोजन न केवल महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है, बल्कि खेलों के माध्यम से समाज में समानता और सशक्तिकरण का संदेश भी देता है।